Headlines

बड़ी सेंध: मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में ‘खेला’, स्टोर रूम से ट्रॉफियां और शील्ड ले उड़े चोर

 

अजनबी न्यूज भोपाल। राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ‘वीआईपी’ इलाके में चोरों ने दुस्साहस का ऐसा नमूना पेश किया है कि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मध्य प्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले को चोरों ने निशाना बनाया है। ताज्जुब की बात यह है कि चोरों ने नकदी या जेवर के बजाय मंत्री जी के सम्मान और यादों पर हाथ साफ किया है।

सम्मान पर डाका: स्टोर रूम का ताला टूटा

​जानकारी के मुताबिक, वारदात श्यामला हिल्स स्थित बंगला परिसर के स्टोर रूम में हुई। चोरों ने 2 और 3 अप्रैल की दरमियानी रात अंधेरे का फायदा उठाकर स्टोर रूम का ताला चटकाया और वहां रखीं कीमती ट्रॉफियां, मोमेंटो (स्मृति चिह्न) और शील्ड बटोर ले गए। घटना का खुलासा 6 अप्रैल की सुबह तब हुआ जब सामान की गिनती और देखरेख के दौरान रैक खाली पाए गए।

सुरक्षा में भारी चूक: ‘तीसरी आंख’ से बच निकले चोर

​हैरानी की बात यह है कि जिस स्टोर रूम को निशाना बनाया गया, वहां CCTV कैमरे नहीं लगे थे। चोरों को शायद इस तकनीकी खामी का पता था, जिसका उन्होंने बखूबी फायदा उठाया। सुरक्षा घेरे में रहने वाले मंत्री के बंगले के भीतर हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

​”मंत्री जी को विभिन्न कार्यक्रमों में मिले सम्मान स्वरूप ये ट्रॉफियां स्टोर रूम में सुरक्षित रखी गई थीं। पुलिस आसपास के अन्य रास्तों और मकानों के फुटेज खंगाल रही है।”

गौरव दोहरे, थाना प्रभारी (टीटी नगर)

जांच में जुटी पुलिस

​टीटी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बंगले के आसपास की सड़कों और पड़ोसी बंगलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के आने-जाने के रूट का पता लगाया जा सके। फिलहाल चोरी गए सामान की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है, लेकिन भावनात्मक रूप से यह मंत्री जी के लिए एक बड़ी क्षति मानी जा रही है।