Author: Johardesh

  • डबल इंजन सरकार बच्चों की मौत पर चुप्पी क्या संवेदशील मोदी जी आंकड़ा कम है

     

    भाजपा राज में ज़हर बन गई दवा — 20 बच्चों की मौत पर भी प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव मौन

    ग्वालियर ।मध्यप्रदेश  कांग्रेस के प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में ज़हरीली कफ़ सिरप से 20 मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है, लेकिन इतने बड़े हादसे के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई बयान नहीं आया, कोई शोक संदेश तक नहीं। जो व्यक्ति वोट माँगने के लिए बार-बार मध्यप्रदेश आ सकता है, वह 20 मासूमों की मौत पर चुप है।
    उन्होंने कहा कि सिर्फ प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि कोई बड़ा भाजपा नेता भी इस त्रासदी पर संवेदना व्यक्त करने आगे नहीं आया — न ज्योतिरादित्य सिंधिया, न कैलाश विजयवर्गीय, न शिवराज सिंह चौहान, न अमित शाह। सब खामोश हैं क्योंकि इन्हें पता है कि जनता अब सवाल नहीं पूछती। इन्हें विश्वास है कि चाहे 20 बच्चे मरें या 2000, लोगों को धर्म और नफरत के मुद्दों में उलझाकर वोट फिर भी मिल जाएंगे।
    धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तो बेशर्मी की सारी सीमाएँ लांघ दीं, जब उन्होंने कहा — “वो कल की बात थी, अब आज की बात करो।” यह बयान न केवल असंवेदनशील है बल्कि यह साबित करता है कि भाजपा सरकार जनता की पीड़ा से पूरी तरह बेपरवाह हो चुकी है। राज्यपाल स्वागत समारोह में व्यस्त हैं, मंत्री प्रेस कॉन्फ़्रेंसों में और भाजपा नेता अगले चुनाव की तैयारियों में — किसी को फर्क नहीं पड़ता कि 20 परिवारों के घरों में सन्नाटा पसरा है।
    उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शासन की विफलता नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक संवेदनहीनता का भी प्रमाण है। हमने ही आँखें बंद कर वोट दिया, हमने ही सरकार से जवाब माँगना छोड़ दिया, हमने ही अस्पतालों और दवाओं की गुणवत्ता की जगह मंदिर-मस्जिद और लव जिहाद जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी।
    प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि अब सवाल यह नहीं कि 20 बच्चे क्यों मरे, बल्कि यह है कि हम इतने असंवेदनशील क्यों हो गए हैं? कब तक हम मौतों को “दुर्भाग्य” कहकर भूलते रहेंगे? अगर जनता अब भी चुप रही, तो अगली बार मरने वाला किसी और का नहीं, हमारा अपना बच्चा होगा।
    उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि मृत बच्चों के परिवारों को कम से कम 50 लाख रुपये मुआवज़ा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। ज़हरीली कफ़ सिरप बनाने वाली कंपनी और संबंधित अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हो, और पूरे मामले की न्यायिक जाँच उच्च न्यायालय की निगरानी में कराई जाए।
    धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि यह सरकार सिर्फ प्रचार और चुनाव के लिए जीती है, जनता की जान इनके लिए कोई मायने नहीं रखती। जब तक जनता अपनी आवाज़ नहीं उठाएगी और जिम्मेदारों से जवाब नहीं मांगेगी, तब तक मौतें रुकेंगी नहीं।
    उन्होंने कहा कि अब वक्त है कि जनता चुप्पी तोड़े और ज़िंदगी के लिए वोट देना शुरू करे, वरना आने वाले कल में यही खामोशी सबसे बड़ा अपराध बन जाएगी।

  • लायंस क्लब इंटरनेशनल सेवा सप्ताह सेवांकुर पीस पोस्टर थीम एक साथ हम बच्चों ने उकेरे रंग

    ग्वालियर। लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233E1 के सेवा सप्ताह सेवांकुर के पाँचवें दिन “पीस पोस्टर प्रतियोगिता दिवस” पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।इस वर्ष की प्रतियोगिता का विषय था — “एक साथ हम” (Together As One)
    इस विषय पर बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति, सृजनशीलता और रंगों के माध्यम से समाज को सशक्त संदेश दिया.
    इस विशेष दिवस का आयोजन सर्विस वीक चेयरपर्सन लायन अजय सपरा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें लायंस के विभिन्न क्लबों ने शहर के अनेक विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की।
    हर ड्राइंग शीट पर बच्चों की मासूम सोच, रंगों का समन्वय और एकता का स्वरूप झलकता दिखाई दिया।

    आज लायंस क्लब डबरा मेन कार्यक्रम में प्रांतपाल लायन सुधीर बाजपेई ने मुख्य अतिथि के रूप और सर्विस वीक चेयरमैन अजय सपरा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और वहाँ के स्कूल में शानदार कार्यक्रम किया

    प्रतियोगिता का आयोजन लायंस क्लब सिटी, ओजस, आरिश, आस्था, डबरा, डबरा सिटी, रॉयल,इंद्रप्रस्थ, सिटी स्टार,श्रील, आध्या, आराध्या एवं अनुभूति सहित अन्य क्लबों द्वारा किया गया।
    प्रत्येक क्लब ने अपने-अपने स्तर पर विभिन्न स्कूलों में प्रतियोगिता आयोजित की और विजेता प्रतिभागियों को गिफ्ट्स, प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता से हर स्कूल से चयनित बच्चों की ड्राइंग शीट कलेक्ट करके डिस्ट्रिक्ट से चयनित प्रतिभागिओ को इंटरनेशनल में भेजा जायेगा
    बच्चों के चेहरों पर पुरस्कार पाकर जो मुस्कान आई, वही इस आयोजन की असली सफलता रही।

  • केजरीवाल ममता नवीन जगनमोहन बोनसाई शक्ति ,देश व्यापी बदलाव का आज भी कांग्रेस ही विकल्प

                                   सत्येन्द्र जैन
    मैं व्यक्ति गत तौर पर प्रशांत किशोर का प्रशंसक हूँ। केजरीवाल और प्रशांत जैसे लोगो राजनीति में आना अच्छा है। वे समाज को एक अलग दिशा देते है। लेकिन सामान्य शान्ति काल में

    अर्थात किसी यूपीए, मनमोहन जैसी सरकार में कुछ कर सकते है। जैसे उस वक्त रमन सिंह, शिवराज, वसुंधरा, मायावती, चंद्रबाबू वगैरह अच्छा कर सके।ये लोग तो उनसे भी ज्यादा बेहतर करेंगे। लेकिन अभी नही।
    ये एकाध राज्य जीतकर वे कुछ बदल नही सकते।उस राज्य में कुछ स्कूल हस्पताल में कास्मेटिक बदलाव भले ला दें। पर जब तक इकॉनमी, संसद, न्याय, राजनीति की गंगोत्री इन दंगाइयों और ब्लैकमेलरों के हाथ मे है, ये नए उभरते लोग, निष्प्रभावी रहेंगे।

    याद कीजिए, केजरीवाल ने दिल्ली दंगो के वक्त क्या किया? नवीन फटनायक उड़ीसा बढ़िया करते रहे, केंद्र में क्या किया? जगन मोहन रेड्डी दुष्यंत चौटाला ने क्या किया?ये टुकड़ी टुकड़ी ताकते क्या इस देश मे वापस शांति लाने, और सबको वापस उत्पादक काम मे लगाने का का माद्दा रखती हैं।

    अगर नही, तो इन गमलों में उगाए नरम खूबसूरत बोनसाई विपक्ष में समय क्यो गंवाना??

    योजना तो यही है न कि हल्का फुल्का विरोध करते ये लोग, इस पीढ़ी का टाइम पास करवाते रहें। सत्ता विरोधियों को संतोष रहे कि कोई हम दुष्टों को हरा रहा है।और उसे हरा पाने वाली सही अखिल भारतीय ताकत से मुंह मोडे रहें।

    राहुल की तमाम कमियों के बावजूद मैं उसे ही चुनूँगा। वह जड़ पकड़ चुका है। गमलों में उगाये गए इन नन्हे मुन्ने बोनसाई विपक्ष की तुलना में, कोई संवेदनशील सक्षम अखिल भारतीय बदलाव लाने के लिए सिर्फ वही सही स्थान है।शनै शनै उसका ग्राफ ऊपर भी जा रहा है। और इसलिए सम्भव है कि पंजाब में भगवंत मान की तरह, बिहार में भी जादुई मशीन से पीके का जिन्न निकले।

    आखिर वोट चोरी के आरोपो का यह सबसे शानदार जवाब होगा।

    याद रखिये, कांग्रेस या इंडिया गठबन्धन की जगह किसी भी बोनसाई को आप चुनेंगे , तो अपने जीवन के और पांच साल गंवाएंगे।
    बाकी, अगर कोई आदमी दर्शनीय, वाक्यपटु और पसन्द है, आप सब जान समझकर उसका को तारणहार बनाएं रखना चाहते हैं। पप्पू, बारबाला, टोंटी चोर वगैरह के जुमला के बादशाह की धुन पर आप नाचने में मग्न रहने की मानसिकता में जी रहे हैं

    तो आपको मेरी ओर से दिल से शुभकामनाएं फिर कहता हूँ, सुंदर मूरतें, अच्छा घर, ये शान्ति काल की लग्जरी है। जब सर पर तूफान हो, तो पहले तूफान से निजात पाइये।

    घर सजाने का तसव्वुर तो बहुत बाद का है
    पहले ये तय हो कि इस घर को बचाएं कैसे

  • बीएन राव समर्थक वकील साहब पहुंचे गिरफ्तारी देने अफसर बोले मामले की जांच चल रही है

    संविधान निर्माता के खिलाफ एसपी ऑफिस में भी बोल गये बीएन राव के कट्टर समर्थक वकील साहब

    ग्वालियर । संविधान निर्माता  के नाम पर 75 साल से  काबिज डॉ भीम राव अंबेडकर  को चुनौती देने की शुरुआत ग्वालियर से हुई है। आपको बता दें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या में नाथूराम गौडसे द्वारा उपयोग में लाई गई रिवाल्वर की कहानी भी ग्वालियर से जुड़ी हुई है। संविधान निर्माता डॉ भीम राव आंबेडकर को नकारने की मुहिम का तड़का भी ग्वालियर से ही लगना शुरु हुआ है।

    बीएन राव को संविधान बनाने मेंं अहम भूमिका बताने वाले वकीस साहब को सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक सदभाव बिगाडने का नोटिस क्राईम ब्रांच ने भेज कर जबाव मांगा। लेकिन बागी वकील साहब जबाब देने के बजाय मंगलवार को खुद ही लाव लश्कर के साथ गले माले ड़ाले नारे लगाते  समर्थकों के साथ एसएसपी धर्मवीर सिंह की गैर मौजूदगी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय आ धमके।  जब अफसरों कोई तबज्जों नहीं मिली तो वापस अपने घर रवाना हो गये। रवाना होने से पूर्व वकील साहव मीडिया से बोले मैं तो आंबेडकर को संविधान निर्माता नहीं मानता । जोहारदेश  ने जब परिसर में मौजूद एडीशनल एसपी जयराज कुबेर  से बात की तो उन्होने बताया कि मामला अभी क्राईम ब्रांच के पास जांच में है।

    एसपी ऑफिस का घटना क्रम आप जोहार देश न्यूज के  वीडियो में देख सकते हैं

     

  • मुरैना–सिकरोदा रेलवे ओवर ब्रिज पर गति शक्ति ने दो घंटे पूरी की गर्डर लॉन्चिंग ,आवागमन के लिये तेजी से हो रहातैयार

    मुरैना।रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ आमजन की सुगमता एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। इसी क्रम में मण्डल रेल प्रबन्धक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी) प्रयागराज श्री अनामुल हक़ के निर्देशन में मुरैना–सिकरोदा रेलखंड के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या 451 पर एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना – रोड ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।

    यह फाटक क्षेत्र का एक अत्यंत व्यस्त रेलवे समपार फाटक है, जिससे प्रतिदिन 2लाख से ज्यादा यात्री गुजरते है। सड़क उपयोगकर्ताओं की लगातार बढ़ती आवाजाही एवं बार-बार लगने वाले जाम को देखते हुए, गति शक्ति यूनिट द्वारा 54 मीटर स्पान का बो स्ट्रिंग टाइप आरओबी बनाया जा रहा है। यह परियोजना कुल 42.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही है।

    निर्माण कार्य में उच्च दक्षता और समर्पण का परिचय देते हुए रविवार को मुख्य परियोजना प्रबन्धक (गति शक्ति) श्री प्रदीप कुमार सिंह तथा उप मुख्य अभियंता (गति शक्ति), ग्वालियर श्री सतीश दुबे द्वारा आरओबी निर्माण के अंतर्गत गर्डर लॉन्चिंग का अति महत्वपूर्ण कार्य किया गया। इस कार्य हेतु जहाँ प्रारंभिक योजना अनुसार दो दिन में पाँच घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक निर्धारित था, वहीं गति शक्ति यूनिट की प्रभावी योजना और तकनीकी निपुणता के चलते यह कार्य केवल एक दिन में मात्र दो घंटे में सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया।

    इस उपलब्धि से यह स्पष्ट है कि भारतीय रेल न केवल अपने कार्यों में गति ला रही है, बल्कि गुणवत्ता और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को भी सुनिश्चित कर रही है। रेलवे प्रशासन के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, जो रेल एवं सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

    ओवर ब्रिज तैयार होने  के बाद मुरैना-सिकरोदा मार्ग से  आने जाने वाले  लोगों  को प्रतिदिन लगने वाले जाम और प्रतीक्षा की समस्या से स्थायी मुक्ति मिल जाएगी। यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।

     

     

  • सिविक सेंस सीखे सराफा बाड़े के व्यापारी, परमानेंट खडे वाहन हटेंगे त्योहारों में दुकानों के सामने नहीं करें वाहन पार्क

     

    ग्वालियर | दीपावली पर्व पर महाराज बाड़ा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर  मंगलवार को  पुलिस व नगर निगम प्रशासन के साथ सिर जोड़ कर बैठे व्यापारी ।

    बैठक को सम्बोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक-श्रीमती विदिता डागर ने कहा कि हम बैठक में यह भरोसा दिलाने नहीं आये हैं कि यातायात व्यवस्था को सौ प्रतिशत सुधार दिया जायेगा। अपितु यह भरोसा दिलाने आये हैं कि हम आप लोगों के साथ मिलकर व्यवस्था को सुधारने का प्रयास करेंगे| व्यापारियों व आमजन की दीपावली अच्छे से मने इसके लिए हम प्रयासरत रहते हैं| पुलिस का प्रमुख काम अपराधों को रोकना है और यदि अपराध हो जाये तो अपराधियों की धरपकड़ करना| इसमें हमारा 95% समय चला जाता है| इस कार्य के जरिये हम केवल की 2-3 प्रतिशत जनसंख्या के सम्पर्क में ही पुलिस आ पाती है लेकिन जब हम यातायात की बात करते हैं तो पूरे वर्ग के साथ हम सम्पर्क में आते हैं| हमारे पास संसाधनों  की कमी है फिर भी हम प्रयास करेंगे कि दीपावली के दौरान में यातायात व्यवस्था बेहतर हो| आपने कहा कि पिछले दो हफ्ते में हमने जितने भी भीड़भाड़ वाले क्षेत्र हैं उनमें पुलिस बल  के साथ भ्रमण भी किया है। यह समझने का प्रयास किया है कि कहां पर क्या समस्या है, आप सभी से आज बैठक करने का मकसद है कि आपको भरोसा दिलाया जाये कि हम प्रयास को तैयार हैं ।लेकिन आप लोगों का सहयोग चाहिये| यातायात व्यवस्था में सबसे बड़े स्टॉकहोल्डर बड़े शो रुम और आपके ग्राहक हैं| इसके बाद राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधि, प्रशासन और उसके बाद हम आते हैं| हमारा कार्य इंफोर्समेंट का है| यातायात सुधारने के लिए तीन चीजें आवश्यक हैं- इंफ्रास्ट्रक्चर-इस पर सुधार एक निरंतर प्रक्रिया है| इसके बाद इंफोर्समेंट आता है जो नियम हमें बनाकर दिये जाते हैं, उन्हें हम लागू करते हैं| इसके बाद तीसरी और सबसे महत्वपूर्ण चीज है-सिविक सेंस| इसके लिए हर व्यक्ति जिम्मेदार है| इसमें जब तक सुधार नहीं होगा तब तक यातायात में सुधार नहीं हो सकता है| आप में  सिविक सेंस नहीं होने के कारण ही पुलिस को चालानी कार्यवाही करनी पड़ती है| यह कार्यवाही दण्डात्मक नहीं बल्कि संदेश देने के लिए की जाती है,ताकि लोग यातायात के नियमों का पालन करें| आपने कहा कि रांग साइड से इंट्री रोकने के लिए महाराज बाड़ा क्षेत्र में पुलिस बल चिटनिस की गोठ से बाड़ा की ओर, महाराज बाड़ा से दौलतगंज, नागदेव मंदिर से पाटनकर बाजार की तरफ, पारख जी की बाड़ा से सराफा बाजार की ओर, टोपी बाजार से सराफा बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को कैमरे से रिकॉर्ड करेगा और इन रांग साइड वाहनों पर चालानी कार्यवाही कर, चालान उनके घर भेजा जायेगा| जो सुझाव आज बैठक में आये हैं-मार्ग को वनवे करने, पार्किंग आदि पर स्टडी करके प्रयोग करेंगे| आपने कहा कि महाराजा बाड़ा क्षेत्र के तहत आने वाले बाजारों में दुकानों के सामने, व्यापारी व उनके स्टाफ के वाहन सुबह से शाम तक खड़े रहते हैं| इनके लिए हमारे द्बारा 21 अस्थायी पार्किंग स्थल चयनित किये गये हैं जहां पर दुकानदार एवं उनका स्टाफ अपना वाहन दीपावली त्योहार तक पार्क करे, जिससे खाली जगह ग्राहकों को मिल सकेगी| बाजारों में खड़े होने वाले 50 परमानेंट वाहनों को चिन्हित किया गया है, उन्हें वहां से हटाया जायेगा|

    इससे पूर्व स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष  ने कहा कि पुलिस यदि यह सुनिश्चित कर ले कि दीपावली तक पाटनकर बाजार से होते हुए दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, टोपी बाजार, डीडवाना ओली होते हुए गस्त का ताजिया तक यह मार्ग काफी चौड़े हैं इन मार्गों पर यदि 20 फीट की रोड को साफ  रखने में कामयाब हो गये और इन क्षेत्रों में यदि रांग साइड वाहनों को रोक दिया गया तो धनतेरस पर शाम 6 बजे तक इन मार्गों पर आपको वाहनों को नो एंट्री का कदम नहीं उठाना पड़ेगा| साथ ही, अस्थायी पार्किंग प्लेस दौलतगंज में पुलिस चौकी के पीछे, नाथ ट्रेडर्स के सामने, हुजरात सब्जी मण्डी के नीचे, कोतवाली, जियो साइंस म्यूजियम के सामने टाउन हॉल के दोनों तरफ, सिंधी धर्मशाला के सामने टेलीफोन एक्सचेंज एवं बेसमेंट में पार्किंग की जा सकती है| वहीं जनकगंज से नई सड़क की ओर से यदि यातायात सुचारू रूप से निकाल दिया तो भी महाराज बाड़ा क्षेत्र में जाम की समस्या नहीं रहेगी| साथ ही, नजरबाग मार्केट, सुभाष मार्केट, नेहरू मार्केट एवं गांधी मार्केट के प्रवेश द्बारों को खुला रखा जाये| अभी इन बाजारों के सामने पथ विक्रेताओं ने फड़ लगा लिए हैं, जिससे ग्राहक मार्केट तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, इन्हें नियंत्रित किया जाये| यदि हम यह व्यवस्था कर पाये तो इससे व्यापारी, पथ विक्रेता और पुलिस सभी की दीपावली अच्छी होगी|

    बैठक में चेम्बर के पूर्व उपाध्यक्ष एवं नजरबाग मार्के एसोसिएशन के अध्यक्ष-श्री सुरेश बंसल, सोना-चांदी व्यवसाय संघ के अध्यक्ष-पुरूषोत्तम जैन, टोपी बाजार संघ के अध्यक्ष-मोहन माहेश्वरी, टोपी बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष-संदीप वैश्य, सुभाष मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष-गोपाल छावड़ा, ग्वालियर बर्तन निर्माता संघ के अध्यक्ष-विनोद गिडवानी, सचिव-माधव अग्रवाल, माधौगंज क्षेत्र से दिनेश तपा, पाटनकर बाजार क्षेत्र से आशीष जैन, डीडवाना ओली से संतोष जैन आदि ने बाजारों की समस्याएं एवं सुझाव बैठक में रखे|

    बैठक में डीएसपी ट्रैफिक श्री अजीत सिंह चौहान, सीएसपी लश्कर-श्रीमती किरण अहिरवार, यातायात प्रभारी-श्री धनंजय शर्मा, थाना प्रभारी हुजरात कोतवाली मोहिनी वर्मा, नगर निगम से श्री रवि कुमार सहित अन्य पुलिस एवं निगम अधिकारी शामिल हुये|

    बैठक का संचालन मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल द्बारा एवं आभार कोषाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल द्बारा व्यक्त किया गया| बैठक में संयुक्त अध्यक्ष-हेमन्त गुप्ता, उपाध्यक्ष-डॉ. राकेश अग्रवाल, कार्यकारिणी समिति सदस्य-अजीत जैन, अखिलेश गोयल, मनोज सरावगी, विवेक बंसल सहित काफी संख्या में व्यापारी उपस्थित हुये|

  • ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण पुराने सभी दुकानदारों का दुकान दे-कांग्रेस अध्यक्ष

    ग्वालियर । श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला व्यापारी संघ के व्यापारियों ने आज ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के द्वारा की जा रही मनमानी को रोकने एवं अपनी मागों को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव से भेंट की, जिस पर जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के व्यपारियों से चर्चा की और उनकी जायज मांगो लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की और से पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया और कहा कि जिला कांग्रेस श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला व्यापारी संघ के व्यापारियों के साथ हमेशा खड़ी है।

    शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला व्यापारी संघ द्वारा उठाए गए मुद्दों एवं मांगों का शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण पिछले वर्ष के जितने भी पुराने दुकानदार है, उन्हें उनकी दुकानें प्राथमिकता के आधार पर ऑनलाइन पैसा जमा कराकर तत्काल आवंटित करें, ऐसा न हो कि ईं-टेंडरिंग और दुकान आवंटन के लिए पोर्टल तैयार करने का खामियाजा मेला के व्यापारी भुगतें।
    शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने आज प्रेस को जारी वक्तव्य में कहा कि शहर जिला कांग्रेस कमेटी ग्वालियर व्यापार मेला में दुकानों के आवंटन में ई-ंटेंडरिंग या नीलामी, ऑक्शन के पूरी तरह खिलाफ है क्योंकि इससे छोटे, मझौले दुकानदारों का हक मारा जाएगा और पैसे की दम पर मालदार लोग उनकी दुकानें ले उड़ेंगे। आज ए.आई. के युग में मेला प्राधिकरण यदि व्यापारियों को ऑनलाइन आवंटन की ओर ले जा रहा है तो इसमें कोई एतराज नहीं है लेकिन शहर जिला कांग्रेस कमेटी की यह मांग है कि ग्वालियर व्यापार मेले में जिन व्यापारी एवं दुकानदारों ने गत वर्ष दुकानें लगाई थी उन्हें उनकी दुकान को आवंटित करने के लिये पोर्टल के सॉफ्टवेयर मे प्रावधान किया जाना चाहिये एवं जो भी खाली पड़ी दुकानें है उनके लिये पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया की जाये।
    शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने आयुक्त ग्वालियर संभाग मनोज खत्री एवं ग्वालियर मेला प्राधिकरण के सचिव एसके त्रिपाठी को लिखे पत्र में कहा है कि जो दुकानदार वर्षों से दुकान लगाते आ रहे है और जिन्होंने पिछले वर्ष दुकानें लगाई थी दुकानों के आवंटन में प्राथमिकता दी जाये एवं इस नीति के तहत ही नई ऑनलाइन प्रक्रिया को लागु किया जाये। शहर जिला कांग्रेस कमेटी यह भी मांग करती है कि दुकानों के बढ़े हुए किराए को तत्काल वापस लिया जाए। दुकानदारों को मेला से कोई खास आमदनी नहीं होती है, सभी सीमित आमदनी रखते हैं एवं बढ़ा हुआ किराया देने की स्थिति में नहीं हैं। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने ग्वालियर मेला की बहुमूल्य भूमि को खुर्दबुर्द करने की साजिशों पर भी विराम लगाने की मांग की। यदि मेला प्राधिकरण द्वारा ऐसा नहीं किया गया तो शहर जिला कांग्रेस कमेटी तीव्र आंदोलन करने के लिए तैयार है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी पूरी ताकत से मेला व्यापारियों के साथ खड़ी है।
  • महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से सत्य, धर्म और न्याय का मार्ग दिखाया

     


    ग्वालियर । महान युगद्रष्टा, आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर सोमवार को  शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कंपू स्थित महावीर भवन के पास स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में पहुंचकर महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

    शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पश्चात उपस्थित नागरिकों एवं कांग्रेस जनों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी एक महान युगद्रष्टा, आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के पावन अवसर पर यहां एकत्रित हुए हैं। हम उन्हें नमन करते है और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेते हैं। महर्षि वाल्मीकि जी ने हमें यह सिखाया कि कर्म और ज्ञान ही सच्चा धर्म है। उन्होंने रामायण’ जैसी अमर  कृति के माध्यम से मानवीय मूल्यों, आदर्शों और मर्यादाओं को युगों-युगों तक जीवित रखा। वे न केवल एक कवि थे, बल्कि समाज सुधारक, शिक्षक और प्रेरणर्स्त्राेत भी थे। उनका जीवन यह संदेश देता है कि कोई भी व्यक्ति अपने कर्मों से महान बन सकता है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, समानता और शिक्षा पहुँचाना यही उनके विचारों की सच्ची श्रद्धांजलि है। आज, महर्षि वाल्मीकि जयंती पर, हम सभी यह संकल्प लें कि हम समाज में समानता, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करेंगे। हर व्यक्ति को अवसर और सम्मान मिले, यही हमारे महान संविधान और वाल्मीकि जी के विचारों की आत्मा है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ग्वालियर की ओर से सभी नागरिकों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ।
    इस अवसर पर सुनील सोनू कुशवाह, अरविंद चौहान, कुलदीप मगरैया, ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल हमीद पप्पू, पिंकी पंडित, संजीव दीक्षित, जसवंत वर्मा, धीरज ढींगरा, गजेन्द्र तिवारी सहित अनेक नागरिक एवं काँग्रेसजन उपस्थित थे।
  • अटल बिहारी वाजपेई के विशेष सूत्रधार डॉ. सुशील गुप्ता का निधन अंतिम संस्कार बुधवार को

    भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सुशील गुप्ता का निधन नेताओं ने जताया शोक
    जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के लिए जीवन  समर्पित किया

    भिण्ड। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जिले के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुशील गुप्ता का उनके गृह निवास गांधी मार्केट पर निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। उनकी उम्र 88 वर्ष से अधिक थी। उन्होंने भारतीय जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के संगठन के विचारधारा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संगठन परिवार से हमेशा जुड़े रहे और संघ की विचारधारा को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने का कार्य उनके परिवार ने किया।
    डॉ. सुशील गुप्ता के निधन पर भारतीय जनता पार्टी ने शोक व्यक्त करते हुए भाविनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. सुशील गुप्ता के पिताजी स्व. प्रभुदयाल गुप्ता अटल बिहारी वाजपेई से पारिवारिक रिश्ता रखते थे, जिन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर आंदोलन में भिण्ड से अपने कार्यकर्ताओं के साथ वहां जाकर नेतृत्व किया। 1975 में कांग्रेस की प्रधानमंत्री रही इंदिरा गांधी द्वारा उसे समय डॉ. गुप्ता के पिताजी प्रभुदयाल गुप्ता लोकतांत्रिक सेनानी के रूप में कार्य किया। डॉ. गुप्ता ने अपने पिताजी की विरासत को आगे बढ़ते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर संगठन की निष्ठा के लिए उन्होंने कार्य किया। डॉ. गुप्ता चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री संभागीय प्रभारी जिला कोषाध्यक्ष और कई बार भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष के रूप में उन्होंने काम किया। डॉ. गुप्ता भाजपा प्रदेश का समिति सदस्य तथा भारतीय रेलवे बोर्ड में सदस्य रहकर रेल मंत्रालय की अनेक बैठकों में पहुंचकर भिण्ड के विकास की योजनाओं को रेल की योजनाओं के माध्यम से अपने अनुभव और विचारों को हमेशा आगे बढ़ते रहे।
    शोक व्यक्त करने वालों में भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भिण्ड दतिया लोकसभा सांसद संध्या राय, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सागर संभाग के संभागीय प्रभारी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश मंत्री केशव सिंह भदौरिया, मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू, पार्टी जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, प्रदेश कर समिति के सदस्य अवधेश सिंह कुशवाह एडवोकेट, वीरेन्द्र सिंह राणा, संजीव कांकर, पूर्व जिला अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, पूर्व सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, पूर्व सांसद डॉ. रामलखन सिंह, पूर्व सांसद अशोक अर्गल, पूर्व विधायक मथुरा प्रसाद महंत, पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया, पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मायाराम शर्मा एडवोकेट, पूर्व विधायक रणवीर जाटव, प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. रमेश दुबे, मप्र खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष कोक सिंह नरवरिया, प्रदेश कर समिति के सदस्य रोमेश महंत, रामकुमार महते, श्रीमती कृष्णाकांता तोमर, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक आनंद बरुआ एडवोकेट, राममिलन शर्मा एडवोकेट, अमृतपाल सिंह बघेल एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष अनिल कटारे, उपेन्द्र शर्मा, उपेन्द्र राजैरिया, सत्येन्द्र सिंह भदौरिया, राघवेन्द्र सिंह भदौरिया, अनिल कुशवाह, राजेन्द्र सिंह तोमर, जिला महामंत्री धीर सिंह भदौरिया, जिला महामंत्री मनोज अनंत, जिला महामंत्री कमल शर्मा, जिला मंत्री राधाकृष्ण शर्मा, जिला मंत्री डॉ. तरुण शर्मा, जिला मंत्री बजरंग सिंह भदौरिया, जिला मंत्री पिंकी शर्मा, जिला मंत्री रश्मि खटीक, फरेन्द्र सिंह सिकरवार, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विजय दैपुरिया, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष आभा जैन, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष धमेंन्द्र सिंह गुर्जर, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अशफाक खान शामिल है।
    भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. सुशील गुप्ता का अंतिम संस्कार 8 अक्टूबर दिन बुधवार को सुबह 10 बजे धर्मपुरी मुक्तिधाम में होगी। डॉ. गुप्ता एमजेएस कॉलेज के जनभागी दारी समिति के अध्यक्ष रहकर महाविद्यालय के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में उन्नति प्राप्त की।