– ऐतिहासिक शिलान्यास: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी में अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला रखी।
- बड़ा निवेश और रोजगार: 2,500 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र के करीब 5,000 युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
- विकास कार्यों की सौगात: सीएम ने शिवपुरी में 211 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया।
- मिशन रेडी मिसाइल: अडाणी समूह के युवा नेतृत्व जीत अडाणी ने बताया कि इस प्लांट में देश की सुरक्षा के लिए आधुनिक ‘मिशन रेडी’ मिसाइलें बनाई जाएंगी।
– चंबल की धरा से देश की रक्षा का नया अध्याय

अजनबी न्यूज शिवपुरी। मध्यप्रदेश के इतिहास में 5 जुलाई का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवपुरी में 2,500 करोड़ रुपये की लागत वाले अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। इस ऐतिहासिक मौके पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अडाणी ग्रुप के करण व जीत अडाणी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, “चंबल की धरा ने हमेशा देशभक्ति का परिचय दिया है। आज से शिवपुरी से डिफेंस का नया अध्याय शुरू हो रहा है। यहाँ बनने वाली लंबी दूरी की मिसाइलें दुश्मन के देश में गिरेंगी और भारत का मान-सम्मान बढ़ाएंगी।” केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के तहत भगवान शिव की नगरी शिवपुरी में राष्ट्र सेवा का नया सवेरा हो रहा है।

शिवपुरी के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव की यह रहीं बड़ी घोषणाएं:
- समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के कायाकल्प के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
- कनेक्टिविटी: नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए 120 करोड़ की लागत से 14 किमी की फोरलेन सड़क।
- स्वास्थ्य: मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट और शिवपुरी में 200 बिस्तरों का मातृ-शिशु अस्पताल।
- शिक्षा: खोड में नया कला-वाणिज्य-विज्ञान कॉलेज और खतौरा में सर्वसुविधायुक्त ‘सांदीपनि विद्यालय’।
- प्रशासनिक व अन्य: सुभाषपुरा को नवीन तहसील का दर्जा, खनियाधाना में कृषि उपज मंडी और पिछोर में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र।

मित्रता की मिसाल: सीएम डॉ. यादव ने सुदामा-कृष्ण की अटूट दोस्ती का जिक्र करते हुए कहा कि संकट में दोस्त का साथ कभी नहीं भूलना चाहिए। इसी सोच के साथ सरकार प्रदेश में बेहतर शिक्षा और विकास के जरिए आने वाली पीढ़ियों का स्वर्णिम भविष्य लिख रही है।


