Headlines

अधूरे प्रेम की ‘अग्निपरीक्षा’: प्रेमी की हत्या के बाद प्रेमिका ने भी चुनी मौत, हाथ पर गुदा था एक-दूजे का नाम

        //// राहुल अष्ठाना ‘अजनबी’////

अजनबी न्यूज शिवपुरी। कहते हैं कि प्रेम जब परवान चढ़ता है तो वह लोक-लाज और सीमाओं के बंधन तोड़ देता है, लेकिन कोलारस के चंदौरिया गांव में इस प्रेम का जो अंत हुआ, उसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। “जीते जी न मिल सके तो क्या, मर कर तो मिलेंगे…” इसी करुण संकल्प के साथ वर्षा ने भी उसी राह को चुन लिया, जहाँ उसका प्रेमी अर्जुन तीन दिन पहले ही क्रूरता की भेंट चढ़ गया था।​ मृतका की माँ सुनीता की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर , शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव में इस दोहरी त्रासदी के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।

खौफनाक मंजर: सगाई की रात उजड़ गई दुनिया

घटना की पटकथा बीते शनिवार को लिखी गई थी। वर्षा की सगाई होने वाली थी, लेकिन वह अर्जुन के साथ जीवन बिताने का सपना देख रही थी। अर्जुन उसे लेने चंदेरिया पहुँचा, पर वहां नियति को कुछ और ही मंजूर था। परिजनों ने अर्जुन को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रेम की जिस वेदी पर वर्षा अपना संसार बसाना चाहती थी, वहां उसके अपनों ने ही उसके प्रिय की बलि ले ली।

बयानों के बाद अकेलापन और फिर आत्मघाती कदम

​पुलिस कार्यवाही के दौरान वर्षा ने साहस दिखाते हुए अपने ही परिजनों के खिलाफ गवाही दी, जिसके बाद उसके पिता और दादा को जेल भेज दिया गया। वन स्टॉप सेंटर से घर लौटने के बाद वर्षा संभवतः अपनों के तिरस्कार और प्रेमी को खोने के असहनीय दुख के बीच झूल रही थी। गुरुवार दोपहर जब घर की महिलाएं कामकाज में व्यस्त थीं, वर्षा ने कमरे में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली।

अंतिम निशानी: पुलिस को वर्षा के हाथ पर गुदा हुआ ‘A ❤️ V’ का निशान मिला है, जो इस बात का मूक गवाह है कि उसके हृदय में अर्जुन के प्रति प्रेम कितना गहरा था।