
अजनबी न्यूज ग्वालियर। यह हैरान कर देने वाला मामला ग्वालियर जिले के भितरवार थाना क्षेत्र का है। दतिया जिले के जिगना का रहने वाला अंकित बाथम (पिता छोटू बाथम) शादियों का ऐसा शौकीन निकला कि उसने दतिया, शिवपुरी और ग्वालियर जिलों को अपनी ‘ससुराल’ बना डाला।
बीते शुक्रवार (19 जून) को जब अंकित भितरवार के ग्राम बांसोड़ी में रंजना बाथम के साथ चौथी बार सात फेरे ले रहा था, ठीक उसी वक्त उसकी दूसरी पत्नी पूजा जाटव पुलिस के पास अपनी सुहाग उजाड़ने से रोकने की गुहार लगा रही थी। पूजा के साथ अंकित की पहली (दिवंगत) पत्नी के मायके वाले भी थे, जो इस धोखेबाज शख्स को सलाखों के पीछे देखना चाहते थे।

पुलिस की हीलाहवाली ने कराया ‘चौथा ब्याह’
पीड़िता पूजा जाटव को इंसाफ दिलाने के बजाय पुलिस सीमा विवाद के खेल में उलझी रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी पति ने अपनी चौथी शादी मुकम्मल कर ली:
भितरवार थाना (ग्वालियर): पूजा जब यहां पहुंची, तो पुलिस ने उसे यह कहकर टाल दिया कि मामला दतिया जिले के गृह ग्राम का है, इसलिए उदगवां थाने जाओ।
उदगवां थाना (दतिया): जब पीड़ित वहां पहुंची, तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा— “जहां शादी हो रही है (भितरवार), वहीं की पुलिस इसे रोक सकती है, या फिर अपने मायके के थाने जाओ।”
नतीजा: पीड़िता ग्वालियर के भितरवार और दतिया के उदगवां व पंडोखर थानों के बीच चक्कर काटती रही, और उधर शहनाइयों की गूंज के बीच अंकित ने रंजना के साथ चौथी शादी रचा ली।

अंतिम सांस तक लडूंगी…” – पीड़िता का एलान
इस धोखेबाजी से टूट चुकी दूसरी पत्नी पूजा जाटव ने हार नहीं मानी है। उसने दोटूक शब्दों में कहा है कि वह इस धोखेबाज पति को सबक सिखाने के लिए अपनी आखिरी सांस तक कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
पुलिस की बेरुखी से मायूस पूजा अब सोमवार को दतिया पुलिस के आला अधिकारियों के सामने पेश होकर आरोपी पति अंकित के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, शारीरिक उत्पीड़न और धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराने की तैयारी में जुट गई है।
अब देखना यह है कि चार शादियों का ‘रिकॉर्ड’ बनाने वाले इस दूल्हे राजा को सलाखों के पीछे कब भेजा जाता है!
मैरिज किंग’ अंकित का ‘शादी कैलेंडर’
– पहली शादी 2018 नीतू बाथम (चांदपुर, डबरा) दो बच्चों (6 और 4 वर्ष) की मां नीतू ने 2025 में आत्महत्या कर ली।
– दूसरी शादी मई 2024 पूजा जाटव (रखरा, भांडेर) पहली पत्नी के जिंदा रहते ही गुपचुप शादी की। अब इंसाफ के लिए भटक रही है।
– तीसरी शादी-पूजा परिहार (शिवपुरी) बिना किसी को बताए चोरी-छिपे तीसरी शादी रचाई।
– चौथी शादी 19 जून रंजना बाथम (बांसोड़ी, भितरवार) शुक्रवार को हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न।


