Headlines

    Chhattisgarh : सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में छह नक्सली ढेर

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिकुरभट्टी और पुसबका गांव के जंगल में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने छह नक्सलियों को मार गिराया। इनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है।
    बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने बुधवार को एक मुठभेड़ में एक महिला नक्सली समेत छह नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिकुरभट्टी और पुसबका गांव के जंगल में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने छह नक्सलियों को मार गिराया। इनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है।

    बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया किबासागुड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत रवाना किया गया था। अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और इसकी विशिष्ट इकाई कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन) के जवान शामिल थे। उन्होंने बताया कि दल जब चिकुरभट्टी और पुसबका गांव के जंगल में थे तब नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। बाद में सुरक्षा बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

    सुंदरराज ने बताया कि गोलीबारी बंद होने के बाद जब सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब एक महिला समेत छह नक्सलियों के शव मौके से बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है। बीजापुर जिला बस्तर लोकसभा क्षेत्र में है, जहां 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *