अजनबी न्यूज आगरा। जीआरपी आगरा कैंट ने ट्रेनों में महिला यात्रियों के गहने पार करने वाले एक बेहद हाई-प्रोफाइल शातिर चोर और उसके साथी को गिरफ्तार कर सनसनीखेज पर्दाफाश किया है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी पीलीभीत निवासी पुनीत नीट (NEET) परीक्षा दे चुका है और एक संपन्न परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके पिता सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार, भाई वायुसेना में अफ़सर और बहन डॉक्टर हैं। इसके बावजूद लग्जरी लाइफस्टाइल, हुक्का बार में घाटा और प्रेमिका के इलाज के चक्कर में वह जरायम की दुनिया का बड़ा नाम बन बैठा।
गर्लफ्रेंड का इलाज और हुक्का बार का घाटा
पुलिस पूछताछ में पुनीत ने हैरान करने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि कोरोना काल में लखनऊ में खोले गए हुक्का बार में उसे भारी नुकसान हुआ था। इसी दौरान उसकी प्रेमिका को कैंसर हो गया, जिसके इलाज में उसने करीब 80 लाख रुपये पानी की तरह बहा दिए। सिर पर चढ़े लाखों के कर्ज और अपनी अय्याश जिंदगी के शौक पूरे करने के लिए उसने ट्रेनों में चोरी का रास्ता चुना।
चोरी का अनोखा पैंतरा
सीओ जीआरपी राजेश दीक्षित ने बताया कि पुनीत और उसका लखनऊ निवासी साथी आकाश सिर्फ एसी कोच में सफर करने वाली महिला यात्रियों को निशाना बनाते थे। पुनीत बड़ी चालाकी से महिलाओं के बड़े हैंडबैग की चेन खोलकर उसमें से गहनों वाला छोटा पर्स पार कर देता था और फौरन अपने साथी आकाश को थमा देता था। आकाश अगले स्टेशन पर उतरकर रफूचक्कर हो जाता था। दोनों अब तक 29 से ज्यादा वारदात कर चुके हैं।
25 लाख के जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इन्होंने इसी साल 1 अगस्त को मथुरा और फरवरी में आगरा कैंट स्टेशन पर लाखों की चोरी की बात कबूल की है। पुनीत इससे पहले लखनऊ, बरेली और प्रयागराज से भी जेल जा चुका है।

