अजनबी न्यूज शिवपुरी। जिले में अपराधियों और अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ शिवपुरी पुलिस ने निर्णायक प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के सख्त निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सिरसौद एवं चौकी हिम्मतपुर की संयुक्त टीम ने ₹3.50 लाख कीमत के भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद कर एक शातिर तस्कर को धर दबोचा।
सेंधवा से दतिया जा रहा था तस्कर
मुखबिर से सटीक सूचना मिलते ही अति. पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति, एसडीओपी पोहरी आनंद राय एवं एसडीओपी पिछोर प्रमोद कुमार शाक्य के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर शिवपुरी-श्योपुर रोड पर घेराबंदी की गई। खोरघार की पुलिया के पास नीले रंग का संदिग्ध बैग लिए बैठा आरोपी पुलिस को देखते ही घबरा गया। घेराबंदी के दौरान जब बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 08 नग देशी पिस्टल (32 बोर) और 10 ज़िंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंशुल अहिरवार (20 वर्ष), निवासी सिद्धार्थ कॉलोनी (दतिया) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह यह खेप सेंधवा (बड़वानी) से लाकर दतिया ले जा रहा था, लेकिन बस में आंख लग जाने के कारण आगे निकल गया और वापसी के दौरान पुलिस के बिछाए जाल में फंस गया।
”अपराध और अपराधियों के लिए शिवपुरी में कोई जगह नहीं है। अवैध गतिविधियों व हथियारों की तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
— श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, पुलिस अधीक्षक, शिवपुरी


मामला दर्ज, अब आर्म्स सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
आरोपी के खिलाफ थाना सिरसौद में अपराध क्र. 247/2026, धारा 25/27, 25(1क) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है कि यह खेप दतिया में किसे सप्लाई की जानी थी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस बड़ी सफलता में सिरसौद थाना प्रभारी उनि. धर्मेंद्र सिंह गुर्जर, हिम्मतपुर चौकी प्रभारी उनि. रामानंद पचौरी, उनि. जगदीश भिलाला, प्रआर. सत्यवीर सिंह जादौन, बलवंत पाल, रविंद्र सिनोरिया, बृजेंद्र गुर्जर, अरविंद कुमार मांझी, आर. मुकेश परमार, रमेश सिंह, अंकित सिंह, रामअवतार, बलबीर और मनीष गोस्वामी की सराहनीय भूमिका रही।

